महाराष्ट्र में दो बड़े हादसे: बदलापुर की केमिकल फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, अंधेरी में आग से दो की मौत
महाराष्ट्र में एक ही रात दो अलग-अलग जगहों पर हुए बड़े हादसों से हड़कंप मच गया। ठाणे जिले के बदलापुर और मुंबई के अंधेरी इलाके में हुई घटनाओं ने प्रशासन और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
बदलापुर में केमिकल फैक्ट्री में जोरदार धमाके
ठाणे जिले के बदलापुर स्थित खरवाई MIDC इलाके में मंगलवार रात (7 जनवरी) उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ये धमाके पैसिफिक केमिकल कंपनी में हुए। विस्फोट इतने शक्तिशाली थे कि उनकी लपटें 2 से 3 किलोमीटर दूर से दिखाई दीं, जबकि धमाकों की आवाजें करीब 3 किलोमीटर तक सुनी गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब आधे घंटे के भीतर 15 मिनट के अंतराल पर 8 से 10 तेज धमाके हुए। धमाकों से धरती तक कांप उठी, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। घबराए लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी।
दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही बदलापुर दमकल विभाग की दो फायर ब्रिगेड गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। इसके बाद फैक्ट्री परिसर में सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि विस्फोट रात के समय हुए, जब फैक्ट्री में कोई मजदूर या स्टाफ मौजूद नहीं था।
फिलहाल प्रशासन और संबंधित एजेंसियां विस्फोट के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं। केमिकल फैक्ट्री में हुए इस हादसे को लेकर सुरक्षा मानकों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
अंधेरी में भीषण आग, दो लोगों की मौत
इधर, ठाणे के बदलापुर में ब्लास्ट की खबरों के बीच मुंबई के अंधेरी इलाके से भी एक दर्दनाक हादसे की सूचना सामने आई। अंधेरी पूर्व के चांदीवली इलाके में स्थित टेक्स सेंटर, नारायण प्लाज़ा नामक व्यावसायिक इमारत में आग लग गई।
आग इमारत की तीसरी मंज़िल पर स्थित एक कार्यालय में लगी थी, जिसके चलते पूरे भवन में घना धुआं फैल गया। दमकल विभाग ने आग को लेवल-1 घोषित करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया।
अस्पताल में तोड़ा दम
दमकलकर्मियों ने आग लगने वाले कार्यालय से दो लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
एक ही रात, दो हादसे
महाराष्ट्र में एक ही रात बदलापुर और अंधेरी में हुए इन दो बड़े हादसों ने औद्योगिक और व्यावसायिक इमारतों में सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने दोनों ही मामलों में जांच के आदेश दे दिए हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।








