मुंबई में बम धमाके की धमकी देने वाला आरोपी नोएडा से गिरफ्तार

नई दिल्ली : क्राइम ब्रांच ने मुंबई में बम धमाके की धमकी देने वाले 50 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिए है। आरोपी का नाम अश्विन कुमार सुप्रा है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और नोएडा, उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया।
फोन और सिम से हुआ सुराग
पुलिस ने बताया कि धमकी भरे संदेश भेजने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड को जब्त कर लिया गया है। इन्हीं के आधार पर आरोपी का पता लगाया गया। अब उसे आगे की पूछताछ के लिए मुंबई लाया जा रहा है।
धमकी का मैसेज मिला था ट्रैफिक पुलिस को
गुरुवार को मुंबई ट्रैफिक पुलिस की व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर धमकी भरा संदेश आया। इसमें दावा किया गया था कि 14 आतंकवादी शहर में घुस चुके हैं और 400 किलो आरडीएक्स 34 गाड़ियों में लगाया गया है। संदेश में खुद को ‘लश्कर -ए -जिहादी’ संगठन से जुड़ा बताया गया। यह संदेश उस समय आया जब पुलिस अनंत चतुर्दशी (गणेशोत्सव के अंतिम दिन) की सुरक्षा तैयारियों में जुटी थी।
मामला दर्ज, जांच में जुटी एजेंसियां
इस मामले में वर्ली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (Bharatiya Nyaya Sanhita) की धारा 351 और उपधाराओं 2, 3 और 4 के तहत केस दर्ज किया गया है।
क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है और एटीएस (Anti-Terrorism Squad) समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस को पहले भी इस तरह के बम धमाके की झूठी धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि इस बार भी आशंका है कि यह धमकी होअक्स (फर्जी) हो सकती है, लेकिन एहतियात के तौर पर हर स्तर पर जांच और सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
“महाराष्ट्र पुलिस लोगों से अपील करती है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।”
गणेश विसर्जन पर तगड़ी सुरक्षा
धमकी ऐसे समय में आई है जब अनंत चतुर्दशी के मौके पर लाखों लोग गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन में शामिल होंगे। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 21,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। समुद्र तटों, जलाशयों और कृत्रिम तालाबों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं ।
नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।









