HINDI NEWSभारत

असम में सुखोई Su-30 MKI फाइटर जेट क्रैश, दो IAF पायलटों की मौत

असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भारतीय वायुसेना का एक सुखोई Su-30 MKI फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में वायुसेना के दो पायलटों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरागकर के रूप में हुई है।

भारतीय वायुसेना ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे बल की संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि इस कठिन समय में वह परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

ट्रेनिंग मिशन के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार सुखोई Su-30 MKI फाइटर जेट असम के जोरहाट एयरबेस से एक नियमित प्रशिक्षण मिशन पर उड़ान भरा था। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान से संपर्क टूट गया। अधिकारियों के मुताबिक शाम 7:42 बजे के करीब विमान से संचार पूरी तरह से बंद हो गया था।

कुछ समय बाद यह विमान कार्बी आंगलोंग जिले के एक दूरस्थ पहाड़ी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने पहाड़ी की दिशा से तेज धमाके की आवाज सुनी और आसमान में आग का बड़ा गोला भी देखा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया शोक

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में दो बहादुर पायलटों को खोना बेहद दुखद है।

उन्होंने X पर लिखा कि देश के लिए उनकी बहादुरी और सेवा को हमेशा गर्व और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है।

क्या है सुखोई Su-30 MKI

सुखोई Su-30 MKI दो सीटों वाला लंबी दूरी तक मार करने में सक्षम अत्याधुनिक लड़ाकू विमान है। इसे रूसी विमान निर्माता सुखोई ने विकसित किया है। भारत में इस विमान का निर्माण हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा लाइसेंस के तहत किया जाता है।

भारतीय वायुसेना में इस विमान को पहली बार 1997 में शामिल किया गया था और आज वायुसेना के बेड़े में 260 से अधिक सुखोई Su-30 MKI विमान मौजूद हैं।

पहले भी हो चुके हैं हादसे

इससे पहले भी सुखोई फाइटर जेट से जुड़े कुछ हादसे सामने आ चुके हैं। जून 2024 में महाराष्ट्र के नासिक में एक सुखोई विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। वहीं जनवरी 2023 में मध्य प्रदेश के ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरने के बाद भी एक सुखोई-30 जेट क्रैश हुआ था।

असम में हुआ यह ताजा हादसा वायुसेना के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button