ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान तनाव पर शहबाज शरीफ का बड़ा बयान, कहा- “दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया, अब सीजफायर चाहता है भारत”

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच 7 से 11 मई के बीच जबरदस्त तनाव देखने को मिला। इस दौरान पाकिस्तान की ओर से कई ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए, जिनका भारतीय सेना ने भी करारा जवाब दिया। अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस पूरे घटनाक्रम पर चुप्पी तोड़ते हुए बड़ा बयान दिया है।
शहबाज शरीफ ने माना कि भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के नूर खान एयरबेस और कुछ अन्य इलाकों पर हवाई हमले किए थे। उन्होंने बताया कि उन्हें इस हमले की जानकारी 9-10 मई की रात करीब 2:30 बजे जनरल सैयद असीम मुनीर ने एक सिक्योर लाइन पर कॉल करके दी।
शहबाज शरीफ ने बताया, “भारत की बैलिस्टिक मिसाइल नूर खान एयरबेस समेत कुछ अहम ठिकानों पर गिरी थीं। हमारी वायुसेना ने देश की रक्षा के लिए स्वदेशी तकनीक का उपयोग किया और चीनी लड़ाकू विमानों पर आधुनिक गैजेट्स और हथियारों की मदद ली।”
पाकिस्तान ने दिया भारत को जवाब?
शहबाज शरीफ ने दावा किया कि पाकिस्तान की सेना ने भारत को जवाब देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा, “पठानकोट, उधमपुर और अन्य इलाकों में हमारी सेना ने हमले किए और दुश्मनों को सिर छिपाने की जगह नहीं मिली। आज हर जगह हमारी सेना के जवाब की चर्चा हो रही है।”
भारत की ओर से सीजफायर की पेशकश का दावा
शहबाज शरीफ ने अपने बयान में यह भी कहा कि भारत ने खुद सीजफायर की पेशकश की है। उन्होंने बताया कि जब वह सुबह स्विमिंग कर रहे थे, तब जनरल असीम मुनीर ने दोबारा उन्हें कॉल करके कहा कि भारत अब सीजफायर चाहता है। इस पर शहबाज शरीफ ने जवाब दिया, “आपने दुश्मन को एक भरपूर थप्पड़ मारा है और अब वो सीजफायर पर मजबूर है। मैं समझता हूं कि इस प्रस्ताव को तुरंत स्वीकार कर लेना चाहिए।”
सामरिक विश्लेषकों की नजर
हालांकि भारत की तरफ से इस दावे की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन शहबाज शरीफ का यह बयान दोनों देशों के बीच चल रहे टकराव के दौरान एक अहम मोड़ माना जा रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि यदि पाकिस्तान के ये दावे सच हैं, तो यह भारत के रणनीतिक दबाव की बड़ी कामयाबी हो सकती है।
फिलहाल भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और दोनों देशों की सेनाएं अलर्ट मोड में हैं। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर दक्षिण एशिया की सुरक्षा स्थिति पर वैश्विक नजरें टिका दी हैं।
नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।









