दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, फायर ब्रिगेड और बम स्क्वॉड अलर्ट

देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार, पहली धमकी भरी कॉल सुबह 8:33 बजे मिली, जिसके बाद तुरंत फायर टेंडर और बम निरोधक दस्तों को संबंधित स्कूलों में भेजा गया।
9 स्कूलों को मिली धमकी
अब तक दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में स्थित कुल 9 स्कूलों को धमकी मिलने की पुष्टि हुई है। इनमें शामिल हैं—
- लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल, दिल्ली कैंट
- कैम्ब्रिज स्कूल, श्रीनिवासपुरी (दक्षिण दिल्ली)
- वेंकटेश्वर स्कूल, रोहिणी (उत्तर-पश्चिम दिल्ली)
- सीएम स्कूल, रोहिणी
- बाल भारती स्कूल, रोहिणी
- कैम्ब्रिज स्कूल, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी (दक्षिण दिल्ली)
- द इंडियन स्कूल, सादिक नगर (दक्षिण दिल्ली)
- डीटीए स्कूल, आईएनए
इसके अलावा कुछ और स्कूलों को भी इसी तरह की धमकियां मिलने की सूचना सामने आ रही है।
ईमेल में भड़काऊ और आपत्तिजनक संदेश
जानकारी के मुताबिक, स्कूलों को भेजे गए ईमेल में बेहद भड़काऊ और उकसाने वाले संदेश लिखे गए थे। ईमेल में दावा किया गया कि “दिल्ली खालिस्तान बनेगा। पंजाब खालिस्तान है। अफजल गुरु की याद में।”
इतना ही नहीं, धमकी भरे ईमेल में यह भी कहा गया कि 13 फरवरी को दोपहर 1:11 बजे संसद में विस्फोट किया जाएगा, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है।
सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
धमकी मिलने के बाद सभी संबंधित स्कूलों को खाली करवा लिया गया और परिसरों की गहन तलाशी ली जा रही है। दिल्ली पुलिस, बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
हालात पर नजर
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरे ईमेल किसने और कहां से भेजे। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।









