अमेरिका–इज़रायल के हमलों के बीच कई देशों ने बंद किया हवाई क्षेत्र, एअर इंडिया ने यूरोप की छह उड़ानें रद्द कीं

अमेरिका और इज़रायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे हमलों के बीच पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। इसके चलते कई देशों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है, जिससे दुनियाभर की उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। इस स्थिति का असर भारत की विमानन सेवाओं पर भी पड़ा है।
एअर इंडिया ने जानकारी दी है कि वह पश्चिम एशिया में उपलब्ध हवाई क्षेत्र के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करते हुए उत्तरी अमेरिका और यूरोप के लिए अपनी उड़ानों का संचालन करेगी।
आज यूरोप के लिए छह उड़ानें रहेंगी रद्द
विमानन कंपनी के अनुसार सोमवार 2 मार्च को यूरोप के कई शहरों के लिए छह उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इससे पहले रविवार को भी कंपनी ने करीब 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द किया था।
कंपनी ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इज़रायल और कतर आने-जाने वाली सभी उड़ानें 2 मार्च को रात 11 बजकर 59 मिनट तक (भारतीय समयानुसार) निलंबित रहेंगी।
ये उड़ानें की गईं रद्द
एअर इंडिया के अनुसार अमृतसर से बर्मिंघम जाने वाली एआई 117 और बर्मिंघम से दिल्ली आने वाली एआई 114 उड़ान सोमवार को रद्द रहेंगी। इसके अलावा दिल्ली और ज्यूरिख के बीच संचालित एआई 151 तथा एआई 152 उड़ानें और दिल्ली से कोपेनहेगन के बीच एआई 157 तथा एआई 158 उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं।
यात्रियों को दी जा रही वैकल्पिक सुविधा
एअर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और कहा है कि प्रभावित यात्रियों को उनके पंजीकृत संपर्क नंबर पर आवश्यक जानकारी भेजी जा रही है। साथ ही पुनः बुकिंग और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था में भी सहायता प्रदान की जा रही है।
वहीं इंडिगो ने भी बताया है कि पश्चिम एशिया और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। एयरलाइन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर निर्णय पूरी सावधानी से लिया जा रहा है।
नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।









