नेपाल में सत्ता का संकट : सुशीला कार्की का नाम पीएम पद के लिए सबसे आगे

नेपाल की राजनीति इस समय बड़े उथल – पुथल से गुजर रही है।सोशल मीडिया ऐप्स पर प्रतिबंध और युवा वर्ग (Gen-Z) के लगातार बढ़ते प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के इस्तीफे ने सत्ता का समीकरण पूरी तरह बदल दिया है। इस्तीफे के बाद ओली कहां हैं, इसका कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।अब देश में अगला प्रधानमंत्री कौन होगा, इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं।
चार घंटे चली वर्चुअल बैठक
‘रॉयटर्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल के अगले प्रधानमंत्री के नाम पर विचार करने के लिए करीब चार घंटे लंबी वर्चुअल मीटिंग आयोजित की गई।इस बैठक में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने जानकारी दी कि प्रदर्शनकारियों ने पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की के नाम पर सहमति जताई है। लोगों का मानना है कि सुशीला कार्की ही मौजूदा संकट की घड़ी में नेपाल की कमान संभालने के लिए उपयुक्त चेहरा हैं।
पीएम पद के लिए अन्य नाम भी चर्चा में
हालांकि प्रधानमंत्री चुने जाने की प्रक्रिया आसान नहीं होगी।यदि सुशीला कार्की इस प्रस्ताव को स्वीकार करती हैं, तो उन्हें पहले नेपाल के सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिगदेल और इसके बाद राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल से मिलकर मंजूरी लेनी होगी। तभी वे औपचारिक रूप से प्रधानमंत्री पद संभाल सकेंगी।
सुशीला के अलावा पीएम पद के लिए जिन नामों की चर्चा है, उनमें कुलमन घीसिंग, सागर ढकाल और हरका संपांग शामिल हैं।
कौन हैं सुशीला कार्की?
1. जन्म: 7 जून 1952, बीरटनगर
2. शिक्षा:
• 1972: बीए, महेंद्र मोरंग कैंपस, बिराटनगर
• 1975: पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (वाराणसी)
• 1978: कानून की डिग्री, त्रिभुवन विश्वविद्यालय (नेपाल)
3. करियर:
• 1979: बिराटनगर में कानूनी प्रैक्टिस की शुरुआत
• 1985: धरान के महेंद्र मल्टीपल कैंपस में सहायक शिक्षक बनीं
• 2007: वरिष्ठ अधिवक्ता का दर्जा मिला
• 2010: सर्वोच्च न्यायालय की स्थायी न्यायाधीश नियुक्त
• जुलाई 2016 से जून 2017 तक नेपाल की मुख्य न्यायाधीश रहीं
सुशीला कार्की अपने स्पष्ट विचारों और न्यायिक सुधारों के लिए जानी जाती है। यही वजह है कि प्रदर्शनकारी और नागरिक समाज उन्हें प्रधानमंत्री की भूमिका में देखना चाहते है।
नेपाल के राजनीतिक भविष्य का फैसला आने वाले दिनों में होगा, लेकिन मौजूदा हालात में सुशीला कार्की का नाम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभर रहा है।
नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।









