राज्यसभा जाने की इच्छा पर बोले नीतीश कुमार, कहा– संसद के दोनों सदनों का सदस्य बनने की थी पुरानी इच्छा

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों के बीच उनकी पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। गुरुवार 5 मार्च 2026 को उन्होंने अपने एक्स मंच पर इस बारे में पोस्ट करते हुए अपनी इच्छा जाहिर की।
नीतीश कुमार ने कहा कि पिछले दो दशक से अधिक समय से बिहार की जनता ने उन पर भरोसा और समर्थन बनाए रखा है, जिसकी बदौलत उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ राज्य की सेवा की है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास के कारण ही बिहार आज विकास और सम्मान का नया उदाहरण पेश कर रहा है।
संसद के दोनों सदनों का सदस्य बनने की इच्छा
नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि संसदीय जीवन की शुरुआत के समय से ही उनके मन में एक इच्छा थी कि वे बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के भी दोनों सदनों के सदस्य बनें।
उन्होंने लिखा कि इसी क्रम में इस बार होने वाले चुनाव में वह राज्यसभा का सदस्य बनना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि जनता के साथ उनका रिश्ता आगे भी पहले की तरह बना रहेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वह लोगों के साथ मिलकर विकसित बिहार बनाने के संकल्प को जारी रखेंगे और जो नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा।
जनता का भरोसा बताया अपनी ताकत
नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि जनता का विश्वास और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है। उसी के बल पर उन्होंने बिहार के विकास के लिए काम किया और आगे भी यह संबंध मजबूत बना रहेगा।
जेडीयू कार्यकर्ताओं ने किया विरोध
वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री के राज्यसभा जाने की इच्छा सामने आने के बाद जनता दल यूनाइटेड के कुछ कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध भी जताया।
पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि नीतीश कुमार छात्र आंदोलन से लेकर अब तक बिहार की जनता की सेवा करते रहे हैं और राज्य की जनता उन्हें अपने परिवार का सदस्य मानती है।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि नीतीश कुमार के अलावा कोई दूसरा व्यक्ति बिहार का मुख्यमंत्री नहीं होना चाहिए और वे चाहते हैं कि वह मुख्यमंत्री पद पर ही बने रहें।
नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।









