अमेरिका में बड़ा हमला: ट्रंप के करीबी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या, राष्ट्रीय शोक की घोषणा

अमेरिकी राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी और राइट-विंग एक्टिविस्ट चार्ली किर्क की गुरुवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह हमला उस समय हुआ जब किर्क ऊटा वैली यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे। इस घटना से अमेरिका में सदमे का माहौल है।
कार्यक्रम के दौरान चली गोली
चार्ली किर्क विश्वविद्यालय में आयोजित एक डिबेट कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे। वे एक तंबू के नीचे माइक पकड़कर बोल रहे थे, तभी अचानक एक शख्स ने उन पर गोली चला दी। गोली उनकी गर्दन में लगी और वे मौके पर ही जमीन पर गिर पड़े। तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ट्रंप ने जताया गहरा शोक
चार्ली किर्क की हत्या के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गहरा दुख प्रकट किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा:
“महान चार्ली किर्क अब हमारे बीच नहीं हैं। अमेरिकी युवाओं को उनसे बेहतर कोई नहीं समझ पाया। सभी लोग उन्हें प्यार और सम्मान देते थे। मेलानिया और मैं उनकी पत्नी एरिका और पूरे परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हैं।”
झुका रहेगा अमेरिकी झंडा
ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में लिखा:
“चार्ली किर्क एक सच्चे महान अमेरिकी देशभक्त थे। उनके सम्मान में मैं आदेश देता हूँ कि रविवार शाम 6 बजे तक पूरे अमेरिका में सभी राष्ट्रीय झंडे आधे झुकाकर रखे जाएं।”
व्हाइट हाउस ने जारी किया ट्रंप का संदेश
व्हाइट हाउस ने चार्ली किर्क की हत्या के बाद राष्ट्रपति ट्रंप का एक वीडियो साझा किया। इसमें ट्रंप ने कहा:
“मैं सभी अमेरिकियों से अपील करता हूँ कि वे उन मूल्यों को अपनाएं जिनके लिए चार्ली किर्क ने अपनी जिंदगी दी। ये मूल्य हैं – बोलने की आज़ादी, नागरिकता, कानून का सम्मान और ईश्वर के प्रति देशभक्ति व प्यार।”
नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।









