HINDI NEWSराजनीति

महाराष्ट्र जिला परिषद चुनाव में महायुति की जीत की हैट्रिक, ग्रामीण इलाकों में मजबूत हुआ जनाधार

महाराष्ट्र में हुए जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में महायुति गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत की हैट्रिक लगा दी है। इससे पहले नगर परिषद-नगर पंचायत और महानगरपालिका चुनावों में भी महायुति ने दमदार जीत हासिल की थी। जिला परिषद और पंचायत समिति में मिली इस सफलता ने साफ संकेत दिया है कि स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में जनता का भरोसा महायुति के साथ मजबूती से जुड़ा हुआ है।

शिवसेना पर जनता का भरोसा

चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि इन चुनावों में जनता ने शिवसेना को भरपूर समर्थन दिया है। उन्होंने इसे सिर्फ आंकड़ों की जीत नहीं बल्कि जनता के विश्वास की जीत बताया। शिंदे ने कहा कि जनता ने जो भरोसा शिवसेना पर जताया है, पार्टी उस भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरेगी और जमीनी स्तर पर विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत हुआ पार्टी का आधार

उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता द्वारा मिला प्रचंड समर्थन यह दर्शाता है कि पार्टी का प्रभाव अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहले से अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने रायगढ़ और रत्नागिरी जैसे जिलों में मिली जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि कोकण क्षेत्र की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह सच्ची शिवसेना के साथ खड़ी है।

शिंदे ने इस जीत को शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे के सपनों से जोड़ते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी को घर-घर तक पहुंचाने का जो सपना देखा था, वह अब साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने इस मौके पर गाँव-देहात की महिलाओं, खासकर “लाड़ली बहनों” का आभार जताया, जिन्होंने पार्टी को भरपूर समर्थन दिया।

सरकार की योजनाओं का दिखा असर

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में महायुति सरकार ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। सड़कों के विकास, पेयजल आपूर्ति, सिंचाई परियोजनाओं को गति देने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की योजनाओं का सकारात्मक असर चुनाव नतीजों में देखने को मिला है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए सरकार ने न केवल आर्थिक सहायता दी बल्कि प्रशासनिक ढांचे को भी मजबूत करने पर जोर दिया।

कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया श्रेय

शिंदे ने इस सफलता का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और गांव-गांव में किए गए काम को दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया, जिसका परिणाम चुनाव नतीजों में दिखाई दिया।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता द्वारा दिए गए इस विश्वास को कभी टूटने नहीं दिया जाएगा। जिला परिषदों के माध्यम से ग्रामीण विकास, किसानों, महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों के हित में और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाएगा।

नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button