HINDI NEWSभारत

संभल में दिल दहला देने वाली घटना: आवारा कुत्तों के हमले में 9 साल की बच्ची की मौत, गांव में आक्रोश

उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां आवारा कुत्तों के झुंड ने एक नौ साल की मासूम बच्ची पर हमला कर उसे नोच-नोचकर मौत के घाट उतार दिया। यह हृदयविदारक घटना रविवार शाम थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के पोटा गांव में हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।

मृत बच्ची की पहचान रिया गौतम के रूप में हुई है, जो पोटा गांव निवासी विनोद की बेटी थी। जानकारी के मुताबिक, रिया रविवार शाम अपनी मां और दादी के साथ खेतों में चारा लेने गई थी। जब मां और दादी खेत में चारा इकट्ठा कर रही थीं, उसी दौरान रिया थोड़ी दूर अकेली खड़ी थी। इसी मौके का फायदा उठाकर आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर अचानक हमला कर दिया।

कुत्ते बच्ची को खींचकर गेहूं के खेत में ले गए और बुरी तरह नोचने लगे। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कुत्तों ने बच्ची के बाएं हाथ को काटकर अलग कर दिया था और उसके शरीर पर कई गंभीर घाव थे।

गंभीर हालत में परिजन बच्ची को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना के बाद पूरे पोटा गांव में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। इससे पहले भी कई लोग इनके हमलों में घायल हो चुके हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बच्ची की मौत के बाद गांव में भारी नाराजगी देखी जा रही है और लोग प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

यह घटना एक बार फिर आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button