दिल्ली-एनसीआर में कोहरे और प्रदूषण की दोहरी मार, येलो अलर्ट जारी

राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर इलाकों में मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ठंड के साथ घना कोहरा और बढ़ता प्रदूषण लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर असर डाल रहा है। पिछले कुछ दिनों से आसमान में बादल छाए हुए हैं और सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो रही है।
कोहरे से यातायात प्रभावित
मंगलवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, पालम और सफदरजंग क्षेत्रों में दृश्यता घटकर करीब 100 मीटर तक पहुंच गई थी। इसके चलते सड़कों पर वाहन धीमी रफ्तार से चलते नजर आए। ऑफिस जाने वाले लोगों और स्कूल बसों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंडी और बर्फीली हवाओं ने सर्दी को और बढ़ा दिया है। हालांकि न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है।
घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए भी दिल्ली में घने कोहरे की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट लगाया है। विभाग के मुताबिक सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है। उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बुधवार को अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता
कोहरे के साथ-साथ प्रदूषण भी दिल्लीवासियों के लिए गंभीर समस्या बना हुआ है। हवा की रफ्तार कम होने के कारण प्रदूषित कण वातावरण में ही फंसे हुए हैं। मंगलवार को दिल्ली के 17 इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 से ऊपर दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। राजधानी का औसत AQI 272 रहा, जो एक दिन पहले के मुकाबले 62 अंक अधिक है।
फिलहाल राहत के आसार कम
वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदूषण और कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।









