वाराणसी के दालमंडी में बुलडोजर एक्शन तेज, सड़क चौड़ीकरण के लिए अवैध निर्माण ध्वस्त; ड्रोन से निगरानी, भारी पुलिस तैनात

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में प्रशासन ने दालमंडी इलाके में अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण अभियान को तेज कर दिया है। सोमवार को प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ढहाए और मलबा हटाने का काम शुरू किया। स्थानीय लोगों और व्यापारियों के विरोध को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात रही, वहीं पूरे अभियान की निगरानी ड्रोन कैमरों से की गई। देर शाम तक कार्रवाई लगातार जारी रही।
सुबह 11 बजे से शुरू हुई कार्रवाई
सोमवार सुबह 11 बजे के बाद दालमंडी इलाके में बुलडोजर कार्रवाई शुरू हुई। प्रशासन की टीम ने पहले मलबा हटाने का काम किया और इसके बाद अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। इससे पहले भी दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण और सुंदरीकरण को लेकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा चुकी थी, लेकिन यह पहला मौका था जब दालमंडी की दुकानों पर सीधे बुलडोजर चलाया गया। शाम होते-होते बुलडोजर बीच बाजार तक पहुंच गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय दुकानदार मौजूद रहे।
भारी सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन से नजर
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस और पैरामिलिट्री बल की तैनाती की थी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए ड्रोन कैमरों से पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही थी। ड्रोन से ली गई तस्वीरें और वीडियो भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बने रहे।
पहले भी हुआ था विरोध
पिछले दिनों दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण के लिए घरों और दुकानों को तोड़े जाने के फैसले के खिलाफ स्थानीय व्यापारियों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया था। इस विरोध में कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए थे। लोगों का आरोप था कि प्रशासन जानबूझकर इतनी बड़ी आबादी को परेशान कर रहा है, जबकि सड़क के लिए वैकल्पिक रास्ता भी निकाला जा सकता है।
प्रशासन का रुख सख्त
विरोध के बावजूद प्रशासन अपने फैसले पर कायम है और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखी गई है। प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण और सुंदरीकरण शहर के विकास के लिए जरूरी है। सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में दालमंडी इलाके में और भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
दालमंडी में चल रही इस कार्रवाई से इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं प्रशासन और व्यापारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है।
नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।









