बिहार राज्यसभा चुनाव आज: 5 सीटों के लिए मतदान, NDA-महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला

बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए सोमवार (16 मार्च) को मतदान कराया जाएगा। वोटिंग सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगी। मतदान समाप्त होने के बाद शाम को ही मतगणना की जाएगी और देर शाम तक नतीजे घोषित होने की उम्मीद है।
मतदान बिहार विधानसभा परिसर में बनाए गए विशेष मतदान केंद्र पर होगा, जहां सभी विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार पांच सीटों के लिए कुल छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
जीत के लिए चाहिए 41 वोट
राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए उम्मीदवार को कम से कम 41 विधायकों के वोट की जरूरत होती है। सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन के पास विधानसभा में कुल 202 विधायक हैं। ऐसे में चार सीटों पर उसकी स्थिति मजबूत मानी जा रही है, जबकि पांचवीं सीट के लिए उसे 38 वोट उपलब्ध हैं और जीत के लिए तीन अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी।
इन प्रमुख नेताओं पर टिकी नजर
एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नितीश कुमार और रामनाथ ठाकुर जनता दल (यू) के उम्मीदवार हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी से नितिन नवीन और शिवेश राम मैदान में हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा की ओर से उपेंद्र कुशवाहा भी चुनाव लड़ रहे हैं।
महागठबंधन की तरफ से राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी एडी सिंह मैदान में हैं। पांचवीं सीट पर उनका सीधा मुकाबला बीजेपी के शिवेश राम से माना जा रहा है।
ओपन बैलेट सिस्टम से होगा मतदान
राज्यसभा चुनाव की एक खास बात यह है कि इसमें गुप्त मतदान के बजाय ओपन बैलेट सिस्टम लागू होता है। इस व्यवस्था के तहत विधायक अपने वोट को पार्टी के अधिकृत एजेंट को दिखा सकते हैं। यदि कोई विधायक ऐसा नहीं करता है तो उसका वोट अमान्य घोषित किया जा सकता है।
मतदान कक्ष में सभी दलों के अधिकृत प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, जो प्रक्रिया पर नजर रखेंगे।
किन सीटों पर हो रहा चुनाव?
राज्यसभा की जिन पांच सीटों पर चुनाव हो रहा है, उनमें राष्ट्रीय जनता दल के प्रेमचंद गुप्ता और एडी सिंह, जनता दल (यू) के हरिवंश और रामनाथ ठाकुर तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा का कार्यकाल पूरा हो रहा है।
विधानसभा में NDA का मजबूत बहुमत
2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 243 में से 202 सीटें जीतकर भारी बहुमत हासिल किया था। बीजेपी को 89 और जदयू को 85 सीटें मिली थीं। वहीं महागठबंधन में राजद को 25 और कांग्रेस को 6 सीटें मिली थीं।
ऐसे में राज्यसभा चुनाव के नतीजे विधानसभा की मौजूदा राजनीतिक ताकत और संभावित क्रॉस वोटिंग पर काफी हद तक निर्भर करेंगे।
नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।









