मिडिल ईस्ट तनाव के बीच दोहा स्थित भारतीय दूतावास की एडवाइजरी, 2 मार्च को सामान्य सेवाएं रहेंगी बंद

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव को देखते हुए दोहा स्थित भारतीय दूतावास (Indian Embassy) ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। कतर की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए दूतावास ने सभी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
दूतावास ने जानकारी दी है कि 2 मार्च 2026 को सामान्य कमर्शियल सेवाएं बंद रहेंगी। इस दौरान पासपोर्ट, वीज़ा या अन्य नियमित कार्य नहीं किए जाएंगे। हालांकि आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। आवश्यकता पड़ने पर पासपोर्ट, वीज़ा, प्रमाणीकरण और श्रम से जुड़े जरूरी मामलों में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
भारतीय नागरिकों के लिए जारी की गई सलाह
दूतावास ने भारतीय नागरिकों से कहा है कि वे दूतावास और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी हर नई सूचना पर ध्यान दें। बिना किसी जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। सेना के ठिकानों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। कोशिश करें कि अपने घर या किसी सुरक्षित स्थान पर ही रहें और केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही बाहर जाएं।
स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी हर चेतावनी का पालन करने की सलाह भी दी गई है। दूतावास ने स्पष्ट किया है कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
चौबीस घंटे हेल्पलाइन नंबर जारी
आपात स्थिति में भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए दूतावास ने चौबीसों घंटे हेल्पलाइन नंबर +00974-55647502 जारी किया है। इसके अलावा नागरिक cons.doha@mea.gov.in
पर ईमेल के माध्यम से भी संपर्क कर सकते हैं। भारतीय समुदाय से शांति बनाए रखने और सतर्क रहने की अपील की गई है।
कतर में भारतीयों की बड़ी आबादी
कतर में भारतीयों की आबादी काफी बड़ी है। अनुमान के अनुसार वहां लगभग 8 लाख 36 हजार से अधिक भारतीय रहते हैं, जो कतर में रहने वाला सबसे बड़ा प्रवासी समुदाय है। कुल आबादी का लगभग 21 से 25 प्रतिशत हिस्सा भारतीयों का है।
कतर में भारतीय नागरिक विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं। इनमें बड़ी संख्या में डॉक्टर, नर्स, इंजीनियर, सूचना प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ, चार्टर्ड अकाउंटेंट और शिक्षक शामिल हैं। इसके अलावा निर्माण, सेवा और अन्य निजी क्षेत्रों में भी भारतीयों की महत्वपूर्ण भागीदारी है।
नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।









