HINDI NEWSभारत

ऑनलाइन गेम खेलते समय युवक की मौत, मेरठ में 22 वर्षीय मोहम्मद कैफ को हुआ ब्रेन हेमरेज

उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। देहली गेट थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेम खेलते समय 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, गेम खेलते हुए युवक का ब्लड प्रेशर अचानक बहुत ज्यादा बढ़ गया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अंततः ब्रेन हेमरेज से उसकी मौत हो गई।

गेम खेलते समय बिगड़ी तबीयत

मृतक की पहचान खैरनगर गूलर वाली निवासी मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कैफ लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग का शौकीन था और अक्सर घंटों मोबाइल पर गेम खेलता रहता था। घटना वाले दिन भी वह कान में ईयरफोन लगाकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान उसे तेज सिरदर्द और बेचैनी महसूस हुई। कुछ ही देर बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

घटना के बाद परिजन उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। सफदरजंग अस्पताल में दो दिन तक उसका इलाज चला, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, जब कैफ को भर्ती कराया गया तब उसका ब्लड प्रेशर 300 के पार पहुंच चुका था, जो बेहद खतरनाक स्थिति मानी जाती है।

परिवार को नहीं थी लत की जानकारी

परिजनों का कहना है कि उन्हें कैफ की गेम खेलने की लत के बारे में पूरी जानकारी नहीं थी। वहीं, मोहल्ले के लोगों के मुताबिक, कैफ अक्सर लंबे समय तक मोबाइल पर गेम खेलता रहता था।

डॉक्टरों ने दी चेतावनी

डॉक्टरों का कहना है कि अत्यधिक ऑनलाइन गेमिंग, तनाव और लंबे समय तक स्क्रीन पर रहने से युवाओं के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। लगातार उत्तेजना और मानसिक दबाव से ब्लड प्रेशर बढ़ने और ब्रेन हेमरेज जैसी खतरनाक स्थितियां पैदा हो सकती हैं।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

गौरतलब है कि हाल ही में गाजियाबाद में भी ऑनलाइन गेमिंग और मानसिक दबाव से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया था, जहां तीन बहनों ने आत्महत्या कर ली थी। ऐसे मामलों के बाद विशेषज्ञ युवाओं और अभिभावकों को सतर्क रहने और स्क्रीन टाइम सीमित रखने की सलाह दे रहे हैं।

नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button