HINDI NEWSवर्ल्ड

भारत-कनाडा संबंधों में नई शुरुआत, सुरक्षा और ड्रग तस्करी रोकने के लिए साझा कार्ययोजना पर सहमति

भारत और कनाडा ने राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून प्रवर्तन और अंतरराष्ट्रीय अपराध से निपटने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया है। दोनों देशों के बीच इस मुद्दे पर शनिवार (7 फरवरी) को कनाडा की राजधानी ओटावा में अहम बैठक हुई, जिसमें भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और कनाडा की राष्ट्रीय सुरक्षा एवं खुफिया सलाहकार नताली ड्रौइन शामिल हुईं।

सुरक्षा और कानून प्रवर्तन पर सहयोग बढ़ेगा

बैठक के दौरान दोनों देशों ने नागरिकों की सुरक्षा मजबूत करने और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर मिलकर काम करने की सहमति जताई। भारत और कनाडा ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने और संपर्क अधिकारियों की नियुक्ति करने का भी निर्णय लिया है। इससे दोनों देशों के बीच जानकारी साझा करने की प्रक्रिया तेज और प्रभावी होने की उम्मीद है।

ड्रग तस्करी और इंटरनेशनल क्राइम पर संयुक्त कार्रवाई

दोनों देशों ने ड्रग्स की अवैध तस्करी और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से निपटने के लिए साझा रणनीति बनाने पर सहमति जताई है। इसके अलावा साइबर सुरक्षा, धोखाधड़ी और आव्रजन से जुड़े मामलों पर भी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। इस पहल से समय पर सूचनाओं के आदान-प्रदान और अपराध पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।

संबंध सुधारने की दिशा में अहम कदम

भारत और कनाडा के बीच यह पहल रिश्तों को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वर्ष 2023 में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर दोनों देशों के बीच राजनयिक विवाद पैदा हो गया था। अब दोनों देश संबंधों को फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

कनाडा प्रधानमंत्री की संभावित भारत यात्रा

अजीत डोभाल की यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि अगले महीने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के भारत दौरे की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में सुरक्षा सहयोग को लेकर हुई यह सहमति दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती दे सकती है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और कनाडा दोनों ही देशों ने राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून प्रवर्तन से जुड़े मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने के लिए साझा योजना पर काम करने और एजेंसियों के बीच कामकाजी संबंध मजबूत करने पर सहमति जताई है।

नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button