‘मिर्जापुर: द मूवी’ का बड़ा ऐलान, 4 सितंबर को बड़े पर्दे पर लौटेगा कालीन भैया का भौकाल
भारत की सबसे लोकप्रिय और फैन-फेवरेट ओटीटी फ्रैंचाइज़ी ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सल एंटरटेनमेंट ने ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की घोषणा कर दी है, जो मिर्जापुर यूनिवर्स की एक नई और अनसुनी कहानी दर्शकों के सामने पेश करेगी।
4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म दर्शकों को मिर्जापुर की उसी दमदार और रॉ दुनिया में लेकर जाएगी, लेकिन इस बार कहानी पहले से कहीं बड़े स्केल पर दिखाई जाएगी।

फिल्म की रिलीज डेट अनाउंस करते हुए मेकर्स ने पोस्टर के साथ लिखा, “अब देखिए भौकाल बड़े पर्दे पर, देखिए मिर्जापुर: द मूवी 4 सितंबर को अपने नजदीकी सिनेमाघरों में।”
दमदार स्टार कास्ट की वापसी
फिल्म में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के किरदार में नजर आएंगे, वहीं अली फज़ल गुड्डू पंडित के रूप में दिखाई देंगे। इसके अलावा दर्शकों को दिव्येंदु के मुन्ना भैया की भी वापसी देखने को मिलेगी, जिसका फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
फिल्म में जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा और सोनल चौहान जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
एक्सल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी फिल्म
‘मिर्जापुर: द मूवी’ को एक्सल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। वहीं कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है और इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है।
ओटीटी पर कल्ट स्टेटस हासिल कर चुकी ‘मिर्जापुर’ की कहानी अब पहली बार सिनेमाघरों में देखने को मिलेगी। ऐसे में माना जा रहा है कि यह फिल्म फैंस को जबरदस्त बिग-स्क्रीन एक्सपीरियंस देने वाली है।
नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।









