मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर केमिकल टैंकर पलटा, 16 घंटे से जाम में फंसे हजारों वाहन

मुंबई-पुणे यशवंतराव चव्हाण एक्सप्रेसवे पर खंडाला घाट के आडोशी सुरंग के पास केमिकल टैंकर पलटने से भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। हादसे के 16 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद यातायात अब तक पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है। एक्सप्रेसवे और पुराने पुणे-मुंबई हाईवे दोनों मार्गों पर करीब 20 से 22 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लगी हुई हैं।
गैस रिसाव के कारण बंद करना पड़ा एक्सप्रेसवे
मंगलवार 3 फरवरी की शाम करीब 5 बजे मुंबई की ओर जाने वाले कॉरिडोर में यह हादसा हुआ। टैंकर से ज्वलनशील प्रोपलीन गैस का रिसाव होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से रात में एक्सप्रेसवे को दोनों दिशाओं से बंद करना पड़ा। राहत और बचाव कार्य के बाद स्थिति कुछ हद तक नियंत्रित होने पर टैंकर को तीसरी लेन में शिफ्ट किया गया और एक लेन से मुंबई की ओर यातायात शुरू किया गया। हालांकि, अब भी ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी बनी हुई है और 10 से 12 घंटे का बैकलॉग बताया जा रहा है।
हजारों वाहन घंटों जाम में फंसे
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, एक्सप्रेसवे पर हजारों वाहन लंबे समय तक जाम में फंसे रहे। कई लोग रात 3 से 5 बजे के बीच से जाम में अटके हुए हैं, जबकि कुछ यात्री तड़के 4 बजे से फंसे हैं। इस कारण कई यात्रियों की फ्लाइट छूट गई। वहीं, कुछ कैंसर मरीजों के भी जाम में फंसे होने की जानकारी सामने आई है।
यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं की कमी
जाम में फंसे यात्रियों को पानी, भोजन और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए हाइवे ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि हालात पूरी तरह सामान्य होने तक एक्सप्रेसवे से यात्रा करने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
राहत कार्य जारी
गैस रिसाव के कारण आपातकालीन और सुरक्षा एजेंसियां युद्ध स्तर पर राहत और सुरक्षा कार्य में जुटी हुई हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और यातायात को जल्द से जल्द सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।
नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।









